संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। लगातार दो वर्षों तक कोविड की मार झेलने वाले मनाली का पर्यटन कारोबार धीरे-धीरे परवान चढ़ने लगा है। मई माह के प्रथम सप्ताह से मनाली में पर्यटन सीजन के पीक पर आने की उम्मीद है। जबकि अप्रैल माह भी बेहतर रहेगा।
पर्यटन नगरी में होटलों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। मई माह के लिए बड़े होटलों के 50 से 70 प्रतिशत तक कमरे पैक हो गए हैं। बेहतर रिस्पांस मिलने से मनाली के पर्यटन कारोबारी उत्साहित हैं। गौरतलब है कि दो सालों से मनाली में पर्यटन कारोबार ठप रहा।
लॉकडाउन में मंदी की मार झेलने वाले पर्यटन कारोबारियों को इस वर्ष अच्छे कारोबार की उम्मीद है। पर्यटन कारोबारियों की मानें तो 15 अप्रैल के बाद मनाली में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है। 15 अप्रैल के बाद वीकेंड की भीड़ उमडे़गी, जबकि इसके बाद धीरे-धीरे पर्यटन सीजन का भी आगाज हो जाएगा।
एडवांस को बुकिंग को देखते हुए मई महीने में ही मनाली का पर्यटन सीजन यौवन पर पहुंचेगा। होटल व्यवसायी एवं होटलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर का कहना है कि इस साल अच्छा पर्यटन सीजन चलने की उम्मीद है। होटलों की अच्छी बुकिंग चल रही है।
बड़े होटलों के 50 से 70 प्रतिशत तक कमरे मई माह के लिए पैक हो गए हैं। भविष्य में भी बुकिंग अच्छी रहने की उम्मीद है। हिमाचल पर्यटन विकास निगम के एजीएम बीएस औक्टा का कहना है कि इस वर्ष पर्यटन बेहतरीन सीजन रहेगा।
कोविड के कारण दो वर्षों तक सैर सपाटे को नहीं निकलने वाले पर्यटक इस वर्ष पर्यटन स्थलों का रुख करेंगे। उनके अनुसार निगम के होटलों में अच्छी बुकिंग चल रही है। 50 से 60 प्रतिशत तक कमरे बुक हो गए हैं। कहा कि वीकेंड में पर्यटकों की अधिक भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।