कुल्लू के गड़सा घाटी में हुई ओलावृष्टि।-संवाद
जच्छनी नाला में मलबा आने से मार्ग के दोनों ओर घंटों तक लगी रहीं वाहनों की कतारें,
कुल्लू में हुई हल्की बारिश, जिले के कई इलाकों में बिछी ओलों की परत
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में वीरवार को मौसम ने करवट बदल ली। दोपहर बाद कुल्लू में हल्की बूंदाबांदी हुई जबकि गड़सा घाटी और भुंतर क्षेत्र में आने वाले नरोगी, छेंउर में भारी ओलावृष्टि और बारिश हुई।
ओलावृष्टि से गड़सा के कई क्षेत्रों में ओलों की परत बिछ गई। नरोगी में भारी बारिश के बाद जच्छणी नाला में मलबा आ गया। इस कारण भुंतर-मणिकर्ण सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए घंटों तक बाधित रही।
एक कार भी भुंतर-मणिकर्ण सड़क के बीच मलबा आने से फंस गई। सड़क घंटों बंद रहने से अपने घरों को लौट रहे पार्वती घाटी के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। गौर रहे कि दोपहर 2:00 बजे के बाद कुल्लू में हल्की बारिश का क्रम शुरू हुआ। गड़सा की तरफ भारी ओलावृष्टि हुई। छेंउर, नरोगी और जच्छणी की तरफ भी ओले गिरे। अक्तूबर में हुई ओलावृष्टि चर्चा का विषय बन गई है। आम तौर पर ओलावृष्टि फरवरी से लेकर अप्रैल-मई तक होती है। हालांकि ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान नहीं हुआ है। अपने घर लौट रहे पार्वती घाटी अमित ठाकुर ने कहा कि वह अपनी गाड़ी लेकर घर लौट रहे थे कि जच्छणी में सड़क पर आए मलबे के चलते सड़क बंद हो गई। घंटों तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी रहीं। पिछले दिनों ही जच्छणी में बैली ब्रिज लगने के बाद लोगों को नाले में आ रहे मलबे से छुटकारा मिला था। बैली ब्रिज लगने के बाद पहली बारिश ने ही लोक निर्माण विभाग के कामों की पोल खोल दी है। पार्वती घाटी के पर्यटन कारोबारी शेर सिंह नेगी ने कहा कि आपदा के बाद भुंतर-मणिकर्ण सड़क की दशा को नहीं सुधारा गया है। ऐसे में पर्यटकों सहित 20 पंचायतों की हजारों की आबादी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि भुंतर से लेकर बरशैणी तक सड़क को चकाचक किया जाए।