मनाली में बर्फबारी का आनंद लेते सैलानी। संवाद
गाने के साथ बर्फ के बीच हो रही खूब मस्ती, बना रहे सेल्फी और वीडियो
बर्फबारी के बाद बंजार से मनाली तक गति पकड़ने लगा पर्यटन कारोबार
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बर्फबारी के बाद भारी संख्या में पर्यटकों ने कुल्लू-मनाली का रुख किया है। भले ही घाटी में दुश्वारियां बरकरार हैं, लेकिन मनाली में हजारों सैलानी पहुंच रहे है। ऐसे में पर्यटकों के लिए मनाली का माल रोड और क्लाथ से लेकर मनाली तक ब्यास नदी में कई स्नो प्वाइंट बन गए हैं। जहां पर्यटक जमकर मस्ती कर रहे हैं।
जिले में पर्यटक सैकड़ों छोटे वाहनों के साथ वोल्वो बसों में पहुंच रहे है। हालांकि मौसम को देखते हुए एहतियातन वोल्वो को अभी पतलीकूहल से आगे नहीं भेजा जा रहा है। ऐसे में वोल्वो में आने वाले पर्यटकों को मनाली पहुंचने के लिए परेशानी हो रही है और उन्हें यहां टैक्सियों में जाना पड़ रहा है।
मनाली से आगे सोलंगनाला तक फोर बाई फोर वाहनों को ही भेजा जा रहा है। ऐसे में पर्यटकों ने माल रोड के साथ-साथ आलू ग्राउंड के ग्रीन टैक्स बैरियर से लेकर मनाली के भूतनाथ पुल तक ब्यास नदी को स्नो प्वाइंट बन गए हैं। यहां सैकडों सैलानी खूब मस्ती कर रहे है। सैलानी बर्फ के बीच नाच गान कर खूब मस्ती कर रहे हैं। वहीं बर्फबारी के बाद बंजार के जिभी, तीर्थन घाटी, मणिकर्ण और मनाली में सैलानियों की आक्यूपेंसी में 10 फीसदी तक भी वृद्धि हुई है। कसोल में स्थापित साडा के बैरियर में रोज 500 पर्यटक वाहनों की एंट्री हो रही है। जबकि पिछले हफ्ते यह संख्या 400 थी। होटल कारोबारी गजेंद्र ठाकुर व गौतम ठाकुर, राजेंद्र व ललित ने कहा कि बर्फ की चांदी बिछने के बाद से पर्यटन कारोबार ने गति पकड़ी है।