प्रदेश में इस साल बारिश आफत बनकर बरस रही है। इस वजह से अब तक करीब 203 करोड़ का नुकसान हो चुका है। अकेले आईपीएच और पीडब्लयूडी विभाग को ही करीब डेढ़ सौ करोड़ की चपत लगी है। शिमला में ढारों पर गिरा देवदार का पेड़।
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय के साथ सटी लगवैली की डुंखरीगाहर पंचायत में भारी नुकसान हुआ है। मंगलवार रात को हुई भारी बारिश से पंचायत के ग्रांमग गांव के एक रिहायशी मकान पर एक भारी-भरकम पेड़ आ गिरा। रात करीब एक बजे हुए इस हादसे के दौरान पूरा गांव गहरी नींद में सोया था। अचानक जड़ों समेत उखड़े पेड़ से पूरे गांव में अफरा तफरी मच गई। हालांकि हादसे में कोई जानमाल को नुकसान नहीं हुआ है। पेड़ के रिहायशी मकान पर गिरने से घर को भारी क्षति पहुंची है। पेड़ की चपेट में ग्रांमग निवासी भोगी राम पुत्र मंगलू राम का एक शेड और लगभग दस सेब के पेड़ भी आए हैं। स्थानीय डुंखरीगाहर पंचायत प्रधान पूर्ण चंद ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि पेड़ की चपेट में पंचायत को जोड़ी गई 11 केवी बिजली नाइन भी पूरी तरह के क्षतिग्रस्त हो गई और पंचायत अंधेरे में है। पेड़ काटने को लेकर पंचायत की ओर वन विभाग कुल्लू को एक प्रस्ताव भी भेजा था, लेकिन कोई भी कार्रवाई नहीं हो सकी है। प्रधान ने कहा कि भारी बारिश से हुए जगह-जगह भूस्खलन से कांलग के अनूप राम के मकान के पास डंगा तथा गुलाब चंद के रिहायशी मकान की दीवार ढह गई है। प्रधान पूर्ण चंद ने कहा कि उन्होंने इसकी सूचना प्रशासन को दे दी है। उधर, एसडीएम कुल्लू रोहित राठौर ने कहा कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इसके लिए राजस्व विभाग को रिपोर्ट बनाने को कहा गया है।