केलांग (लाहौल-स्पीति)। विकास खंड लाहौल की नवनिर्वाचित ग्राम पंचायतों के प्रधानों, उपप्रधानों और वार्ड सदस्यों के लिए आयोजित बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम का तीसरा सत्र मंगलवार को जिला परिषद सभागार केलांग में शुरू हुआ। इस दौरान विकास खंड लाहौल की 8 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण सत्र में सेवानिवृत्त जिला पंचायत अधिकारी एवं प्रशिक्षक हरबंंस लाल ने पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायती राज अधिनियम के तहत पंचायत व्यवस्था, विभिन्न कानूनी प्रावधानों तथा पंचायतों के कार्यों और दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायती राज अधिनियम के प्रावधानों की सही समझ होना आवश्यक है, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें। उन्होंने पंचायतों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े दायित्वों को बेहतर तरीके से निभाने के लिए भी मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत अधिकारी संजय कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। संवाद
-000000000