बंजार (कुल्लू)। डेढ़ साल से बंद बंजार-बिहार बस सेवा बहाल होने का दो पंचायतों के लोग इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों को निजी वाहनों से सफर करना पड़ रहा है।
इसके अलावा टैक्सी में उन्हें एकतरफा यात्रा के लिए 100 रुपये तक किराया चुकाना पड़ रहा है। डेढ़ साल पहले बंजार-बिहार मार्ग पर भूस्खलन ने आवाजाही रोक दी थी। अब यह सड़क दुरुस्त हो चुकी है लेकिन बस सेवा शुरू नहीं हो पाई।
बस सेवा बंद होने का सबसे अधिक असर स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। उन्हें रोजाना आवागमन के लिए अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है। वहीं, महिलाओं, बुजुर्गों और रोजमर्रा के काम से बंजार आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। निजी वाहनों पर निर्भरता से ग्रामीणों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
ग्राम पंचायत बिहार की प्रधान पुरवा देवी, ग्राम पंचायत कोठी-चैहनी की प्रधान ममता ठाकुर, उपप्रधान रूपेश कुमार सहित दिव्या मेहता, रीता, लोत राम, राखी मेहता, हिमानी, पल्लवी और रवीना ने परिवहन विभाग और प्रशासन से बस सेवा जल्द बहाल करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि बस दोबारा चलने से दोनों पंचायतों के लोगों को राहत मिलेगी और विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने के लिए अतिरिक्त किराया नहीं देना पड़ेगा।
उधर, एचआरटीसी बंजार के अड्डा प्रभारी इंद्रदेव ने बताया कि बस का जल्द ट्रायल किया जाएगा। इसके लिए निगम अधिकारियों से अनुमति मांगी गई है।