कुल्लू। बंजार-आनी वाया शुश-कोठी-शवाड़ बस को लेकर राजनीति तेज हो गई है। रविवार को जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार ने बस सेवा को हरी झंडी दिखाई। अब कांग्रेस के नेताओं में बस रूट को शुरू करने का श्रेय लेने की होड़ मची है।
कई नेताओं और उनके समर्थकों ने सोशल मीडिया में पोस्टें भी अपलोड की हैं। अंदरखाते कांग्रेस के नेता निगम की इस बस को शुरू करने के दावे कर रहे हैं। आनी के भाजपा विधायक लोकेंद्र कुमार ने इस मामले को 31 मार्च 2023 को विधानसभा में उठाया था।
उन्होंने विस में प्रश्न उठाते हुए कहा था कि आनी वाया शवाड़-कोठी -शुश-कुल्लू बस सेवा को आरंभ किया जाए और जनहित में इसकी जरूरत है। इसके जवाब में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा था कि उपरोक्त रूट पर जल्द बस शुरू की जाएगी। सरकार इस पर विचार कर रही है।
विधायक लोकेंद्र कुमार ने कहा कि उन्होंने इस मामले को न केवल विधानसभा में रखा बल्कि परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री को पत्र भी लिखा था। कांग्रेस के कुछ नेता बेवजह श्रेय ले रहे हैं। जिप अध्यक्ष पंकज परमार ने कहा कि वह छह माह से इस बस को शुरू करने में लगे हुए थे। उन्होंने कहा कि सबकी मेहनत से बस शुरू हुई है। कहा कि जल्द ही आनी के लिए कुल्लू-आनी वाया शुश-रोहाचला-कुठेड़-राणाबाग बस शुरू की जाएगी। संवाद