न्यूली (कुल्लू)। कोरोना महामारी को लेकर अब गांवों में लोग में सतर्क हो गए हैं। पंचायत में कोरोना संक्रमण न फैले, इसके लिए देहुरीधार पंचायत में बाहरी लोगों के आने पर रोक लगा दी है। इससे पहले सैंज घाटी की शांघड़ पंचायत इस तरह का फैसला ले चुकी है। अब देहुरीधार पंचायत ने बाहरी लोगों के पंचायत में प्रवेश पर पाबंदी लगाई है।
इतना ही नहीं पंचायत में काम कर रहे मजदूरों को भी इधर-उधर घूमने की आजादी नहीं होगी। गौर रहे कि देहुरीधार पंचायत के तहत मनु मंदिर, तल्याहरा कोठी जैसे पर्यटन स्थल हैं, जहां काफी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। कोरोना की दूसरी लहर के बीच स्थानीय लोगों में कोरोना को लेकर डर का माहौल बना हुआ है। ऐसे में पंचायत प्रतिनिधियों ने फैसला लिया कि जिले में जब तक कोरोना का खतरा टल नहीं जाता, तब पाबंदियां जारी रहेंगी। देहुरीधार पंचायत प्रधान भगत राम ने कहा कि जनता की मांग को देखते हुए सभी सदस्यों ने बैठक में पूर्ण सहमति से प्रस्ताव पारित किया है। इसमें कहा गया है कि जब तक जिले में हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तक बाहरी लोगों के आने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। क्षेत्र के होम स्टे संचालकों को भी इस संबंध में अवगत करवाया गया है। मजदूरों को भी कर्फ्यू में ढील के दौरान बिना कार्य के बाहर न निकलने को कहा गया है।