समारोह की तैयारियों को लेकर कार्यवाहक उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक
डॉ. विवेक गुलेरिया को बनाया गणतंत्र समारोह का प्रोटोकाल अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जिला मुख्यालय के पुलिस ग्राउंड में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को उपायुक्त कार्यालय के कक्ष में हुई बैठक में एसडीएम एवं कार्यवाहक उपायुक्त कुनिका ने समारोह से जुड़े प्रमुख एजेंडों की समीक्षा की।
पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था, कानून व्यवस्था बनाए रखने और परेड के सफल संचालन के निर्देश दिए गए। बीडीओ डॉ. विवेक गुलेरिया को समारोह का प्रोटोकाल अधिकारी नियुक्त किया गया। जिला स्तरीय समारोह में पर्यटन निगम के उपाध्यक्ष आरएस बाली मुख्य अतिथि होंगे।
इस दौरान जनता के बैठने की व्यवस्था, पुलिस ग्राउंड एवं शौचालयों की साफ-सफाई की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी और साडा को सौंपी गई जबकि जल संबंधी आवश्यकताओं के लिए जल शक्ति विभाग को जिम्मेदारी दी गई।
इस दौरान विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों की ओर से स्टॉल लगाने पर चर्चा की गई। स्थानीय स्कूलों और महिला मंडलों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। वर्षभर उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों व कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। बीडीओ डॉ. विवेक गुलेरिया, जिला कृषि अधिकारी मुंशी राम ठाकुर, उप निदेशक पशुपालन डॉ. सुदर्शन, आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सुरेश, एसडीओ पीडब्ल्यूडी नरेश ठाकुर, एसडीओ जल शक्ति संजय बोध सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।