नशा मुक्त हिमाचल मुहिम के तहत एसपी ने पढ़ाया जागरूकता का पाठ
कलैहली अनाथ आश्रम में रहने वाले सातवीं के छात्र अमित को लिया गोद
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बजौरा में नशा मुक्त हिमाचल मुहिम के तहत जागरूकता कार्यक्रम करवाया गया। इसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने की।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने सातवीं कक्षा के छात्र अमित को गोद लिया। अमित कलैहली के अनाथ आश्रम में रहता है।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को प्रदेश में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के साथ साइबर क्राइम से बचने की जानकारी दी गई। यातायात नियमों के संबंध में भी बताया गया। एसपी ने कहा कि नशे को जड़ से समाप्त करने और साइबर अपराध से बचने स्कूलों और काॅलेजों में लगातार कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं। नशे के प्रति समाज और लोगों को जागरूक करने में विद्यार्थी अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से होने वाले साइबर अपराध, एटीएम फ्रॉड, इंटरनेट मीडिया के सुरक्षा निर्देशों के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने को कहा। उन्होंने कहा कि 18 साल से कम आयु वालों के लिए वाहन चलाना अपराध है। इस दौरान प्रधानाचार्य कविता कपूर, शिक्षक हरदेव सिंह, धीरज कपूर, भुंतर थाना प्रभारी इशांत सेन भी मौजूद रहे।