जिला मुख्यालय में सड़कों की हालत दयनीय हो चुकी है। शहर में एपीएससी ऑफिस की ओर जाने वाली सड़क ढालपुर चौक से शीशा माटी, देवधार सड़क, लोरन और ढालपुर के कैटल ग्राउंड से होकर जाने वाली सड़क की हालत खस्ता बनी हुई है। इन सड़कों पर गड्ढों की भरमार है। हर बार लोगों को इन सड़कों को सुधारने के लिए आश्वसान ही मिलते हैं, लेकिन सड़कों को सुधारने के लिए अभी तक कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, दशहरे के दौरान जिले के मुख्य मार्गों में की गई टारिंग भी उखड़ गई है। वहीं, खस्ताहाल सड़कों से अक्सर लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। शहरवासी राजेश कुमार, विनोद, बंटी और दिनेश शर्मा ने कहा कि कुल्लू शहर में कई संपर्क मार्गों की हालत खराब है। बावजूद इसके इन संपर्क मार्गों को सुधारने के लिए कोई पहल नहीं की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शीशामाटी सड़क, लोरन सड़क, सब्जी मंडी रोड, ढालपुर कैटल ग्राउंड मार्ग, देउदार सड़क आदि सड़कें गड्ढों में बदल गई हैं। बारिश के दिनों में समस्या विकराल हो जाती है। इससे राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि शहर में नई नगर परिषद के गठन के बाद लोगों को आस जगी है कि इस बार इन सड़कों की हालत सुधरेगी। उन्होंने मांग की है कि शहर की खस्ताहाल सड़कों की हालत जल्द सुधारी जाए।