कुल्लू। जिले के स्वास्थ्य खंड जरी में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा विभिन्न रोगों की समय पर पहचान करने के उद्देश्य से आयुष्मान आरोग्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य शिक्षक राज कुमार ने बताया कि खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सपना शर्मा के मार्गदर्शन में लगाए जाने वाले इन शिविरों में लोगों की रक्तचाप (बीपी), रक्त शर्करा (शुगर), हीमोग्लोबिन (एचबी), टीबी स्क्रीनिंग, डिजिटल एक्स-रे सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच निशुल्क की जाएगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य परामर्श, आयुष्मान भारत योजना, टीबी उन्मूलन, गैर-संचारी रोगों की रोकथाम तथा अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संबंध में भी जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अलग-अलग स्थानों में होने वाले शिविरों की तिथि निर्धारित की गई है। 26 मई को सरवरी, 27 को गुरुबेहड़, 28 को देवधार, 29 को शास्त्री नगर, 30 को नगर परिषद कार्यालय कुल्लू, 31 को लंकाबेकर, एक जून को यूपीएचसी भुंतर, दो जून को भारत भारती स्कूल कुल्लू के समीप तथा तीन जून को लोरन में शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को इन शिविरों का लाभ लेने की अपील की है। संवाद