कुल्लू। जिले में आयुष पद्धति से उपचार करवाने वाले लोगों का आंकड़ा बढ़ा है। आयुष विभाग भी लोगों को निरोग रखने के लिए पहल कर रहा है। अब जिले में ग्राम स्तर पर मरीजों का उपचार किया जाएगा। इसके लिए विभागीय तौर पर तैयारियां पूरी कर दी गई हैं।
19 वेलनेस केंद्रों के तहत स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें मरीजों की निशुल्क जांच और टेस्ट के अलावा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी। लोगों को निरोग रखने के लिए घरद्वार पर योग के फायदे भी बताए जाएंगे। विभाग के हर वेलनेस केंद्र के तहत महीने में दो कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके लिए आयुष विभाग ने शेड्यूल जारी कर दिया है। विभागीय टीमें तय शेड्यूल के अनुसार गांव-गांव में जाकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच करेंगी और योग विधाएं सिखाएगी। ग्रामीणों को स्वस्थ रहने और रोगों के लक्षणों की पहचान करने के प्रति जागरूक किया जाएगा। चिकित्सक, फार्मासिस्ट और योग प्रशिक्षकों की संयुक्त टीम अपने वेलनेस केंद्र के अधीन आने वाले गांवों में लोगों को उपचार सुविधा प्रदान करेगी।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. हरीश भारद्वाज ने कहा कि आयुष पद्धति से लोगों को निरोग रखने का प्रयास किया जा रहा है। जिले के 19 वेलनेस केंद्रों के तहत कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को घरद्वार पर उपचार तथा टेस्ट सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए सभी वेलनेस प्रभारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। संवाद