कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में शनिवार को राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. रणजीत ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की देखभाल, सुरक्षित प्रसव और मातृ मृत्यु दर को कम करने के उपायों पर जानकारी दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर ने कहा कि सुरक्षित मातृत्व हर महिला का अधिकार है। इसके लिए समय पर जांच, संतुलित आहार तथा संस्थागत प्रसव बेहद जरूरी हैं। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की कि वे गर्भवती महिलाओं को जागरूक करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को प्रसव पूर्व और प्रसव के बाद की देखभाल, टीकाकरण और पोषण से संबंधित जानकारी भी दी गई। सभी प्रतिभागियों ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। संवाद