बंजार के जलोड़ी दर्रा पर बर्फबारी में फंसी एचआरटीसी की बस।
- फोटो : Kullu
कुल्लू/बंजार। नवंबर माह के दूसरे सप्ताह में जिला के कई क्षेत्रों में सर्दी का पहला हिमपात हुआ है। इससे कुल्लू के साथ लाहौल-स्पीति में दुश्वारियां बढ़ गई हैं। लाहौल घाटी में जहां सुबह से लगातार बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं बर्फबारी से 10,280 फुट ऊंचा जलोड़ी दर्रा से होकर गुजरने वाला औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 यातायात के लिए बंद हो गया है।
दर्रे के बंद होने से बाह्य सराज की 69 पंचायतों के साथ रामपुर, स्पीति, किनौर, करसोग और कुमारसैन के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जलोड़ी दर्रा बाह्य सराज के लोगों के लिए सर्दी के साथ बरसात में भी परेशानी बना हुआ है। दर्रा के बंद होने से सोमवार को कुल्लू से जाने वाले निगम की बसें आनी, रामपुर, बागीपुल तथा थनोग के लिए नहीं जा सकी। मगर इन रूटों से वापस कुल्लू आने वाले तीन बसें फंस गई है। हालांकि बागीपुल से लौट रही बस जलोड़ी दर्रा तक पहुंच गई थी, लेकिन दर्रा में हुई बर्फबारी के कारण बस दर्रा से आगे कुल्लू के लिए नहीं आ सकी और बस चालक ने समझदारी से काम लेते हुए बस को वापस आनी ले गए। वहीं दर्रा के बंद होने से चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को छोड़ने गई तीन निगम बसों को निगम वाया करसोग होकर लाया है।
वहीं प्रशासन ने जिभी के सैर सपाटे को आने वाले सैलानियों से भी पर्यटन स्थल जलोड़ी दर्रा व सोझा कर रूख न करने की हिदायत दी है। हाईवे-305 सोझा से आगे सभी तरह के वाहनों के लिए बंद हो गया है। वहीं जलोड़ी दर्रा के साथ रघुपुरगढ़, सोझा, टकरासी, शुश, खनाग, बाहू के साथ ऊंचाई वाले रिहायशी इलाकों में बर्फबारी से सफेद हो गए हैं।
उपमंडलाधिकारी बंजार हेम चंद वर्मा व आनी के उपमंडलाधिकारी नरेश वर्मा ने कहा कि मौसम विज्ञान केंद्र ने दो दिनों तक बर्फबारी होने की संभावना जताई है। ऐसे में आम लोगों के साथ सैलानी जलोड़ी दर्रा होकर आवाजाही करने से दूरी रखें।