कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा मेले के लिए पार्किंग स्थल की नीलामी 3 नवंबर को होगी। यह नीलामी खुली बोली के माध्यम से की जाएगी। बोली पूर्वाह्न 11 बजे बहु उद्देश्यीय भवन मेें होगी। जिला पर्यटन विकास अधिकारी और प्लॉट आवंटन समिति के अध्यक्ष रोहित शर्मा ने बताया कि पार्किंग स्थल का आवंटन 3 नवंबर से 22 नवंबर तक के लिए होगा। बोलीदाता को 10 हजार रुपये की प्रतिभूति राशि जमा करानी होगी।
न्यूनतम बोली राशि 75 हजार रुपये जीएसटी सहित निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त पहचान पत्र के लिए 100 रुपये और रखरखाव के लिए 5 हजार रुपये देय होंगे। सफल बोलीदाता को बोली की पूरी राशि 24 घंटे के भीतर जमा करनी होगी।आवंटन प्राप्त करने वाले व्यक्ति को पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। उन्हें निर्धारित स्थल से अधिक क्षेत्र पर कब्जा करने की अनुमति नहीं होगी। नियमों की अवहेलना पर आवंटन रद्द करने के साथ चालान भी किया जा सकता है। पार्किंग स्थल की प्रतिभूति राशि 22 नवंबर के बाद समिति की रिपोर्ट मिलने पर वापस होगी। संवाद