रोहतांग के रास्ते मढ़ी से आगे फोर बाई फोर वाहनों को अनुमति
बर्फबारी के बाद हालात में सुधार, रोहतांग मार्ग पर पर्यटकों की आवाजाही शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। बर्फबारी के बाद मौसम साफ होते ही अटल टनल को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। जिससे पर्यटक इस रास्ते लाहौल की ओर जाने शुरू हो गए हैं। जबकि रोहतांग मार्ग पर पर्यटक वाहन अभी मढ़ी तक ही पहुंच रहे हैं। इससे आगे रोहतांगपास के लिए सिर्फ फोर बाई फोर वाहनों को ही जाने की अनुमति दी जा रही है।
इनके माध्यम से शुक्रवार को पर्यटक बर्फ की परत के बीच रोहतांग पहुंचे। हालांकि अधिकतर पर्यटक मढ़ी में ही रुके और यहां बर्फ के बीच अठखेलियां की। लेकिन सामान्य वाहन यहां से आगे नहीं जाने दिए ऐसे में फोर-वाई-फोर वाहनों के माध्यम से पर्यटक रोहतांग पास की ओर निकले और क्षेत्र में ताजा बर्फ का आनंद लिया। ऐसे में रोहतांगपास के रास्ते पर्यटक वाहनों की अच्छी खासी आवाजाही देखने को मिली।
जबकि इससे पहले बर्फबारी के कारण एहतियातन रोहतांग और अटल टनल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी। ऐसे में शुक्रवार को मौसम में सुधार के बाद अब यातायात बहाल किया जा रहा है। हालांकि, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सड़क की स्थिति को देखते हुए मढ़ी से आगे सामान्य वाहनों को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। प्रशासन और पुलिस की ओर से पर्यटकों को मौसम और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की सलाह दी जा रही है।
रोहतांग दर्रा पर बर्फबारी के बाद मौसम खुलते ही पहुंचे पर्यटक।-संवाद
रोहतांग दर्रा पर बर्फबारी के बाद मौसम खुलते ही पहुंचे पर्यटक।-संवाद
रोहतांग दर्रा पर बर्फबारी के बाद मौसम खुलते ही पहुंचे पर्यटक।-संवाद