गड़सा घाटी के थरास स्कूल में अलंकरण समारोह के दौरान छात्र-छात्राएं।-संवाद
भुंतर (कुल्लू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थरास में अलंकरण समारोह मनाया गया। इसमें पंचायत रोट के प्रधान राजेंद्र पाल शर्मा मुख्यातिथि थे। समारोह की शुरूआत वंदेमातरम से हुई। इसके बाद पांच सदनों के विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट में अपना हुनर दिखाया। कदम से कदम मिलाकर नागार्जुन और आर्यभट्ट सदन के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान हासिल किया।
अलंकरण समाराेह से पूर्व विद्यार्थियों को पांच सदनों में बांटा गया। इनमें नागार्जुन, पतंजलि, पाणिनी, आर्यभट्ट और चरक सदन बनाए गए। इन सदनों के कैप्टन और वाइस कैप्टन चयनित किए गए। इसके अलावा छात्रा अश्मिता को हेड गर्ल और हर्ष को हेड बॉय चुना गया। प्रधानाचार्य छिमे डोलमा ने कक्षा के मॉनीटर, कैप्टन, वाइस कैप्टन, हेड बॉय और हेड गर्ल को अलंकृत किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यार्थी सिर्फ पढ़ाई तक सीमित न रहें, वे आचार और व्यवहार में भी परिपक्व बनें। इसके लिए विद्यालय के शिक्षक प्रयासरत हैं। इस दौरान वार्ड सदस्य वीर सिंह, स्कूल प्रबंधन समिति के कार्यकारी सदस्य श्याम सुंदर, पवन कुमार, निर्मला देवी आदि उपस्थित रहे। संवाद