कुल्लू। जिला कुल्लू के प्रवेश द्वार भुंतर में पुलिस ने एक किलो 807 ग्राम चरस के साथ दो महिलाओं को धरा है। महिलाएं वोल्वो बस में चंडीगढ़ जा रही थी। पुलिस ने तलाशी के लिए वोल्वो को रोका तो सोयल गांव और मनाली की दो महिलाओं से चरस की खेप बरामद हुई। महिलाओं ने चरस के दो पैकेट बनाए हुए थे। पुलिस ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की एक टीम भुंतर के पास नाका लगाकर बैठी थी। इस दौरान कुल्लू से मंडी की तरफ जा रहे वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। एक वोल्वो बस को पुलिस ने तलाशी के लिए रोका। जैसे ही पुलिस की टीम बस में चढ़ी तो विद्या देेेवी पत्नी ठाकरू निवासी गांव सोयल, डाकघर हरिपुर, कुल्लू, पूजा पत्नी योगिंद्र कुमार निवासी गोमा रोड, मनाली घबरा गई। पुलिस को दोनों की गतिविधियों पर संदेह हुआ। शक के आधार पर जब महिलाओं की तलाशी ली गई तो उनके पास दो पैकेट में पौने दो किलो चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार किया। जिले में चरस सप्लाई में महिलाओं की भागीदारी रुकने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस अब तक कई महिलाओं को चरस के साथ पकड़ चुकी है। बताया जा रहा है कि चरस माफिया भांग को इधर-उधर करने में महिलाओं का इस्तेमाल कर रहा है। आम तौर पर महिलाओं पर पुलिस को भी शक नहीं होता है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने की। कहा कि पुलिस ने दो महिलाओं के पास से नाकाबंदी के दौरान पौने दो किलो चरस पकड़ी है। आरोपी महिलाएं चरस की खेप को वोल्वो में चंडीगढ़ लेकर जा रही थी। लेकिन पुलिस ने उन्हें भुंतर थाना के तहत ही पकड़ लिया। आरोपी महिलाओं से पूछताछ की जा रही है कि उन्होंने चरस कहां से लाई थी। आरोपी महिलाओं को कोर्ट में पेश करने की तैयारी चल रही है।