कुल्लू। भुंतर थाना के तहत 85 लाख की ऑनलाइन ठगी के मामले को अंजाम को देने वाले मास्टरमाइंड और उसके साथी को पुलिस ने राजस्थान से दबोचा है। आरोपियों के पास ठगी के लिए इस्तेमाल हो रहे 4 मोबाइल फोन, 6 एटीएम कार्ड, 8 सिम कार्ड, आधार कार्ड, वोटर आईडी, प्रेस आईडी कार्ड आदि बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ऑनलाइन ठगी से शातिरों ने कुल्लू के लोगों के लाखों रुपये ऐंठे थे। कुछ आरोपियों ने शिकायतकर्ता से धोखाधड़ी कर करीब 85 लाख रुपये हड़प लिए थे। ठगी करने वाला मास्टरमाइंड मनीष जैन ने एमबीए की पढ़ाई की है। आरोपियों को पकड़ने के लिए सब इंस्पेक्टर बाला राम, कांस्टेबल अमर, विक्रांत की टीम राजस्थान के उदयपुर पहुंची। यहां से मुकेश सेन (45), पुत्र सत्य नारायण निवासी अंबामाता स्कीम टीचर कॉलोनी, तहसील गिरवाह, जिला उदयपुर, राजस्थान, मनीष जैन (40) पुत्र पारसमल जैन, निवासी वेनिक एपबॉक्स, डी-ब्लॉक मीरानगर, गिरवा, उदयपुर, राजस्थान को गिरफ्तार किया। मनीष ने एमबीए किया है। वह ठगी का मास्टरमाइंड है। गौर रहे कि इससे पहले पुलिस ने आरोपी लोकेंद्र (42) सक्तावत पुत्र चंदन सक्तावत निवासी उदयपुर को एक फरवरी 2020 को गिरफ्तार किया था, जो अभी न्यायिक हिरासत में है। उससे पूछताछ के दौरान दो अन्य आरोपी के बारे में पता चला, जिन्होंने ठगी को अंजाम दिया था। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने की। कहा कि दोनों अभियुक्तों को उदयपुर राजस्थान में 27 मई 2019 को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों के से ठगी में इस्तेमाल हो रही सामग्री को भी बरामद किया है। आरोपियों को उदयपुर की अदालत ने पांच दिन का ट्रांजिट रिमांड दिया है। पुलिस टीम उन्हें कुल्लू ला रही है। उन्होंने कहा कि अब तक कुल्लू पुलिस ऑनलाइन ठगी मामले में एक दर्जन शातिरों को सलाखों के पीछे डाल चुकी है।