पतलीकूहल के 15 मील में कुराश प्रतियोगिता के शुभांरभ मौके पर पहुंची एसी टू डीसी जयबंती ठाकुर।-सं
मनाली/पतलीकूहल। 15 मील में दो दिवसीय छठी राज्य स्तरीय कुराश चैंपियनशिप का शुभारंभ रविवार को हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 550 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ एसडीएम कुल्लू जयबंती ठाकुर ने किया।
पहले दिन खेले गए मुकाबलों में छात्रा वर्ग के 28 किलोग्राम वर्ग में मंडी की अर्चना कुमारी ने गोल्ड मेडल जीता है जबकि बिलासपुर की वैष्णवी ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। 32 किलोग्राम वर्ग में सोलन की मीनाली शर्मा ने गोल्ड, मंडी की आंचल ने सिल्वर, 52 किलोग्राम में सिरमौर की मान्यता ने सिल्वर और सोलन की अपर्णा कंवर ने कांस्य पदक जीता है।
मुख्यातिथि ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में बच्चे लगातार बढ़ते स्क्रीन टाइम, सुस्त जीवनशैली और नशे जैसी बुराइयों की चपेट में आ रहे हैं। कुराश एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के महासचिव वीरेंद्र सिंह ने बताया कि दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के 11 जिलों से करीब 550 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। संवाद