कुल्लू। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा के थ्योरी कोर्स के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विद्यार्थी बिना विलंब शुल्क के 30 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। इस अवधि में प्रति थ्योरी कोर्स 200 रुपये परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके बाद विद्यार्थी एक से 15 अक्तूबर तक भी परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। इस अवधि में प्रति कोर्स 200 रुपये शुल्क के साथ 1100 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा। अध्ययन केंद्र 1148 के सहायक समन्वयक प्रो. रामानंद ने विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समर्थ पोर्टल पर अपने लॉगइन के माध्यम से फॉर्म जमा करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि फॉर्म भरते समय परीक्षा केंद्र का चयन सावधानीपूर्वक करें।उन्होंने विद्यार्थियों को आवेदन से पहले अपनी पात्रता, वैध पंजीकरण और असाइनमेंट व प्रायोगिक कार्य जमा होने समेत सभी जरूरी शर्तों की जांच करने की सलाह दी है। संवाद