कुल्लू जिला के लगघाटी में बादल फटने से आई बाढ़ में क्षतिग्रस्त सड़क और पुलिया उफान पर सरवरी खड्
कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ सटी लगघाटी की ग्राम पंचायत चौपाड़सा के कड़ौन गांव के साथ लगते भूभू जोत (पहाड़ी) में सोमवार मध्यरात्रि बादल फटा है। इससे पंचायत के करीब 15 परिवारों की कई बीघा कृषि योग्य भूमि बह गई है। इसके अलावा पंचायत में दो मकान, दो बस योग्य पुल और तीन दुकानें भी बह गईं। भूभू जोत में बादल फटने से भूभूू नाला का जलस्तर बढ़ गया जिसने समूची लगघाटी में तबाही मचा दी। इससे सरवरी खड्ड भी उफान पर रही। जिला मुख्यालय में सरवरी में अंतरराज्यीय बस अड्डा से 300 मीटर की दूरी पर स्थित डबललेन पुल के साथ सड़क का एक हिस्सा भी बह गया। लगघाटी के सहमे ग्रामीणों ने जागकर रात काटी।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार सोमवार रात को लगघाटी में बादल फटा। इससे ग्राम पंचायत चौपाड़सा के अलावा फलाण, मानगढ़, डुंखरीगाहर, डुगीलग, भूमतीर आदि 13 पंचायतों में नुकसान हुआ है। बादल फटने से तेलंग में तीन दुकानें, एक पुल, रूजग में एक पुल और कड़ौन गांव में दो मकान बहे हैं। दुकानें प्रेम सिंह, हरी सिंह और सुरेश व दोनों मकान जगजीवन के थे। इसके अलावा समाणा में एक पुल, सुम्मा में निजी भूमि के साथ शमशानघाट, रोपटी और भुट्ठी को जोड़ने वाला पुल क्षतिग्रस्त हुआ है। वहीं, भूमतीर पंचायत में सड़क और पैदल रास्तों को नुकसान पहुंचा है। उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश ने कहा कि उन्होंने लगघाटी का दौरा कर बादल फटने व भारी वर्षा से हुए नुकसान का जायजा लिया है। उन्होंने मौके पर ही लोक निर्माण विभाग व अन्य संबंधित विभागों को फौरी तौर पर राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी अलर्ट का अनुपालन करें तथा अनावश्यक यात्राओं से बचें।