पतलीकूहल (कुल्लू)। सब्जी मंडी पतलीकूहल में सेब के कारोबारी पर करीब 34 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। आरोपी कारोबारी हरिंद्र साहनी निवासी वैशाली, बिहार का रहने वाला है। वह तीन-चार साल से पतलीकूहल में रहकर सेब का कारोबार कर रहा था। इस बार भी उसने यहां कारोबार किया लेकिन अब वह सेब का भुगतान किए बिना भाग गया है।
पतलीकूहल सब्जी मंडी आढ़ती संघ ने अब पुलिस थाना पतलीकूहल में शिकायत पत्र सौंपकर मामले की जांच करने की मांग उठाई है। आढ़ती संघ के अध्यक्ष कुंज लाल ठाकुर ने बताया कि उसने आढ़तियों से सेब खरीदा और भुगतान नहीं किया। इनमें एमसीएफ शॉप नंबर-12 के 15,49,289 रुपये, एसएफसी शॉप नंबर-24 के 21,238 रुपये, आरएफसी शॉप नंबर-16 के 11,51,762 रुपये, आरएसटी शॉप नंबर-20 के 2,11,822 रुपये, एएफएल शॉप नंबर-6 के 2,30,162 रुपये, एसएफटी शॉप नंबर-27 के 1,05,777 रुपये, वीएफसी शॉप नंबर-25 के 1,08,827 रुपये, आरएफसी शॉप नंबर-111 के 13,770 रुपये, केएलटी शॉप नंबर-7 के 45,140 रुपये और एएसवी शॉप नंबर-18 के 2,14,480 रुपये शामिल हैं।
आढ़तियों ने आरोप लगाया है कि संबंधित व्यापारी अपना कमरा खाली कर भाग गया है। आढ़तियों ने बताया कि भुगतान के लिए चेक दिए गए थे, लेकिन बैंक में पर्याप्त राशि नहीं होने की जानकारी मिली। कुंज लाल ठाकुर ने बताया कि कथित धोखाधड़ी की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। एसपी ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली है।