शारनी के समीप सड़क हुई तंग, निजी बस का हादसा टला
बारिश के बाद मणिकर्ण घाटी के लोगों की बढ़ीं समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। मणिकर्ण घाटी में चोज के पास पहाड़ी दरक रही है। पहाड़ी दरकने से सेब के पौधों को नुकसान हुआ है। तोष को जोड़ने वाले पुराने पुल को भी क्षति पहुंची है।
इससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं, भुंतर-मणिकर्ण सड़क शारनी के समीप बारिश के बाद बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है। पार्वती नदी की तरफ सड़क धंसने से सड़क बेहद तंग हो गई है। इस पर वाहन चलाना मुश्किल हो गया है।
शनिवार को एक निजी बस का हादसा टल गया। निजी बस के टायर नाली में घुस गए। इसके बाद सड़क के दोनों तरफ वाहनों के पहिये थम गए। गनीमत यह रही कि निजी बस सड़क की निचली ओर नहीं गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। बारिश के बाद मणिकर्ण घाटी में सड़कों पर जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। बारिश के बाद मणिकर्ण घाटी के लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
बरशैणी पंचायत के उप प्रधान लुदर चंद ने कहा कि चोज के पास पहाड़ी दरकने से सेब के पौधों को नुकसान हुआ है। बारिश का क्रम ऐसे ही जारी रहा तो आने वाले दिनों में नुकसान और बढ़ेगा। उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़कों को आवागमन के लिए दुरुस्त रखें।