पतलीकूहल/मनाली। अगस्त माह का दूसरा पखवाड़ा बीतने के बाद अब सेब तुड़ान निचले क्षेत्र से ऊझी घाटी की ओर बढ़ने लगा है। बंदरोल और पतलीकूहल सब्जी मंडियों में सेब की खेप बढ़ने से यहां रौनक बढ़ती जा रही है। इन मंडियों में नीलामी मंच और अन्य आधारभूत सुविधाओं की कमी के बावजूद टेंटों में सालाना करोड़ों का कारोबार हो रहा है।
दो माह तक सेब सीजन जोरों पर रहने के बाद दशहरा उत्सव के आगाज तक अंतिम दौर में पहुंचेगा। इस बार करोना के कहर के चलते बागवान फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं। बागवान मंडियों तक सेब जाने से पहले वाहनों को सैनिटाइज कर रहे हैं। सब्जी मंडियों में भी सैनिटाइज करने की व्यवस्था रखी गई है। बागवानी कार्य के लिए बिहार और यूपी समेत अन्य राज्यों से आए कुछ मजदूर करोना से संक्रमित पाए गए हैं। लेकिन अच्छी बात यह है कि ये सभी संक्रमित मजदूर किसी से मिलने से पहले सरकार के निर्देशों पर क्वारंटीन में रखे जा रहे हैं। इनमें से कुछ मजदूरों की इलाज के बाद निगेटिव रिपोर्ट आने की बात भी कही जा रही है। पतलीकूहल आढ़ती संघ के अध्यक्ष फतेह चंद चौहान का कहना है कि सब्जी मंडियों में एहतियात बरती जा रही है। सब्जी मंडी को रोज सैनिटाइज किया जा रहा है। कुल्लू फलोत्पादक मंडल के अध्यक्ष प्रेम शर्मा का कहना है कि बागवान मंडियों में आने के दौरान मास्क पहने तथा यथासंभव अपने आसपास सैनिटाइजर रखे। किसी से हाथ मिलाने के बजाय उचित दूरी में रहकर ही बात करे।