कुल्लू में चार माह से नहीं बरसे बादल, चिलिंग ऑवर्स पूरे न होने की आशंका
बागवानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें, सेब की अगली फसल पर मंडराया संकट
संवाद न्यूज एजेंसी
खराहल (कुल्लू)। पिछले चार माह से जारी शुष्क मौसम ने कुल्लू जिले के सेब बागवानों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश और बर्फबारी के अभाव में सेब की आगामी फसल पर संकट गहराने लगा है।
जरूरी चिलिंग ऑवर्स पूरे न होने की आशंका से बागवानी से जुड़े काम भी ठप पड़े हैं। बारिश न होने की वजह से जिले में सेब की आगामी फसल पर खतरा मंडराने लगा है। बागवानों को सेब के लिए जरूरी चिलिंग ऑवर्स की चिंता सताने लगी है।
शुष्क मौसम के चलते सेब के बगीचों में तौलिये बनाने और नए पौधे रोपने का काम भी रुक गया है। बता दें कि जिले में बागवानी कारोबार 1,000 करोड़ रुपये का है। सेब के लिए दिसंबर की बर्फबारी सबसे लाभदायक मानी जाती है लेकिन चार माह माह से मौसम शुष्क बना हुआ है।
हालांकि दिसंबर 30 और 31 को हल्की बर्फबारी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई है लेकिन सेब उत्पादित इलाके में बारिश और बर्फबारी अभी नहीं हुई है। ऐसे में बागवानी संबंधित तमाम काम रुके पड़े हैं। सेब सहित अन्य फलों के लिए जरूरी चिलिंग ऑवर्स पूरे नहीं होने की आशंका बागवानों को सता रही है। जिले में शुष्क मौसम के चलते दिन का तापमान भी सामान्य से अधिक बढ़ गया है। समय पर बर्फबारी नहीं होने से चिलिंग ऑवर्स प्रभावित हो रहे है जिससे फलों की पैदावार पर नकारात्मक असर हो जाता है। उधर, बागवानी विभाग के उपनिदेशक डॉॅ. राज कुमार ने कहा कि सेब के लिए 900 से 1200 चिलिंग ऑवर्स की जरूरत रहती है। बर्फबारी के लिए अभी जनवरी और फरवरी का समय है। ऐसे सेब के लिए चिलिंग ऑवर्स पूरे होने की संभावना है। अगर चिलिंग ऑवर्स पूरे नहीं होते हैं तो फूल खिलने का क्रम बिगड़ता है और सेटिंग प्रभावित होती है।
चार माह से बर्फबारी और बारिश नहीं होने से सेब सहित अन्य फलों के लिए जरूरी चिलिंग ऑवर्स पूरे नहीं होने का डर सताने लगा है। समय पर सेब उत्पादित क्षेत्रों में बर्फबारी नहीं हो रही है। इस कारण सेब बगीचों का काम भी लटका है। - सुशील भंडारी, बागवान
शुष्क मौसम के चलते बगीचों में नमी बिल्कुल नहीं है। ऐसे में नए पौधों को नहीं लगाया जा रहा है। साथ में तौलिये बनाने और खाद डालने का काम भी समय पर नहीं हो रहा है। इससे बागवानी के तमाम कार्य रुके हुए हैं। - फतेह सिंह, बागवान