जाहलमा नाले के तटीकरण कार्य का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग/उदयपुर (लाहौल स्पीति)। लाहौल प्रवास के दौरान विधायक अनुराधा राणा ने शुक्रवार को तांदी पंचायत में स्थानीय लोगों से भेंट की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के समाधान करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने जोबरंग, शांशा, रपडिंग, कोठी, जाहलमा, हालिंग, जुंडा, फुडा एवं तलजोन क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से मुलाकात की और समस्याएं सुनीं। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्याें के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान विधायक ने जाहलमा नाले पर चल रहे तटीकरण कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और और काम में गति देने को कहा। इस दौरान उनके साथ जिला परिषद अध्यक्ष वीना देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।