विंटर कार्निवल की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड गायक ने मचाया धमाल
ट्विंकल ठाकुर, दीपक जनदेवा और पंडित खुशबू भारद्वाज ने भी खूब बांधा समां
माल रोड में सजे मंच पर भी कलाकारों ने प्रस्तुति देकर पर्यटकों को जमकर झुमाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। राष्ट्रीय विंटर कार्निवल की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली, फिल्मी और पंजाबी गीतों की धूम रही। बॉलीवुड गायक अनुज शर्मा ने मनाली की ठंडी वादियों में दर्शकों को खूब झुमाया।
उन्होंने ...तेरी दीवानी, ..एक हसीना थी,...ऐ दिल है मुश्किल, ... जरा सी दिल में दे जगह, ....भीगी-भीगी सी हैं रातें,...तेरे जैसा यार,...गुलाबी आंखें,...मेरी उम्र के नौजवानों और...बचना ए हसीनो सहित कई फिल्मी गाने पेश कर वाहवाही लूटी।
इसके अलावा ट्विंकल ठाकुर, दीपक जनदेवा और पंडित खुशबू भारद्वाज ने मनुरंगशाला में खूब धमाल मचाया। तीनों कलाकारों ने फिल्मी और पहाड़ी गीतों से खूब समां बांधा। लाहौल की रोजी शर्मा ने भी लाहौल के गीतों के साथ दर्शकों को झूमने पर विवश किया। कार्निवल की दूसरी संस्कृति संध्या का शुभारंभ गायक रचना ने किया। इसके बाद तमन्ना, सृष्टि,ममता, रमेश चंद, राज वर्मा, आकाश,श्वेता राणा, दोत राम पहाड़िया और सनी वर्मा ने भी अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके अलावा माल रोड में सजे मंच में भी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति देकर पर्यटकों को जमकर झुमाया।
एसडीएम मनाली रमन शर्मा ने बताया कि कार्निवल की सांस्कृतिक संध्या में कुल्लू के साथ हिमाचली कलाकारों को मौका दिया जा रहा है।