मनाली। पर्यटन नगरी मनाली की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नगर परिषद कारोबारियों के साथ मिलकर नई कार्ययोजना तैयार करेगी। इसके लिए जल्द ही स्थानीय कारोबारियों, सफाई ठेकेदार और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी। इसमें एसडीएम भी मौजूद रहेंगे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और व्यावहारिक बनाना होगा। साथ ही कारोबारियों की समस्याओं और सुझावों पर भी चर्चा की जाएगी। यदि किसी व्यापारी को कूड़ा उठाने, शुल्क या सफाई व्यवस्था से संबंधित शिकायत है तो उसका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
नगर परिषद के अनुसार, शहर के कुछ कारोबारी और दुकानदार खुले में कचरा फेंक रहे हैं। इसकी एक वजह घर-घर कूड़ा संग्रहण की मौजूदा समयसारिणी को अव्यावहारिक माना जा रहा है। इससे कई स्थानों पर कचरा खुले में जमा हो रहा है। बैठक में इस व्यवस्था की समीक्षा कर ऐसी समयसारिणी तैयार करने पर विचार किया जाएगा, जिससे व्यापारियों को सुविधा मिले और शहर में खुले में कचरा फैलने की समस्या समाप्त हो।
नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ खुले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी, ताकि मनाली की स्वच्छ और पर्यटन-अनुकूल छवि बनी रहे। नगर परिषद की अध्यक्ष चंद्रा पधान ने कहा कि शहर की स्वच्छता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कारोबारियों, सफाई ठेकेदार और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जल्द बैठक आयोजित कर सभी पक्षों के सुझाव लिए जाएंगे। इन सुझावों के आधार पर ऐसी व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे सफाई व्यवस्था अधिक प्रभावी, सुचारु और व्यावहारिक बन सके। संवाद