संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू में स्वास्थ्य विभाग अब नई योजना के तहत वैक्सीनेशन अभियान चला रहा है। स्वास्थ्य विभाग अस्पतालों के अलावा कार्यालयों में पात्र लोगों तथा स्कूलों में विद्यार्थियों को वैक्सीन की डोज लगवा रहा है।
जिले में सोमवार को क्षेत्रीय अस्पताल समेत सात वैक्सीनेशन केंद्र स्थापित किए गए थे, जिनमें 12 साल के बच्चों से लेकर बुजुर्गों को वैक्सीन लगाई गई। वैक्सीनेशन के लिए बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में उत्साह देखने को मिला। बता दें कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित वैक्सीनेशन केंद्रों में सोमवार को 158 पात्र लोगों ने टीका लगवाया है।
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में 38, उपस्वास्थ्य केंद्र भल्याणी में 27, उपस्वास्थ्य केंद्र बिनन में 20, उपस्वास्थ्य केंद्र पगवाना में 18, उपस्वास्थ्य केंद्र लारजी में नौ, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गड़सा में 21 लोगों और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पुजाली में 25 विद्यार्थियों को पहली, दूसरी और एहतियाती डोज लगाई गई। इस दौरान विद्यार्थी मोनिका, शिवानी, अक्षिता, राहुल, अंशुल, संतोष, अलोक ने कहा कि वैक्सीन कोरोना में सुरक्षा कवच का काम कर रही है। उन्हें वैक्सीनेशन लगवाने का बेसब्री से इंतजार था। अब वैक्सीन की दोनों डोज लगाकर उन्होंने खुद को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित कर लिया है।
स्कूल में ही वैक्सीनेशन होने से उन्हें घर से दूर नहीं जाना पड़ा है। छात्रा ने लोगों से बिना डरे वैक्सीन लगवाने का आह्वान किया है। वैक्सीन को लेकर कई तरह की भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। उन्हें पहली डोज लगवाने के उपरांत कुछ नहीं हुआ और अब भी वह वैक्सीन लगवानेे के लिए इंतजार कर रहे थे।
उधर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पुजाली के प्रधानाचार्य सतीश कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों में ही टीकाकरण केंद्र स्थापित करने का बेहतर निर्णय लिया है। इससे विद्यार्थियों को अधिक सुविधा मिल रही है। स्कूल में ही वैक्सीन लगने से विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं हो रही है।
संक्रमण से किया खुद को सुरक्षित
वैक्सीन का किसी तरह का कोई दुष्प्रभाव नहीं है। वैक्सीन लगवाने से कोरोना संक्रमण के खतरे को कम किया जा सकता है। जिले में दोबारा संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में लोगों को वैक्सीन लगवाने में देरी न करें। -छात्रा वीना देवी।
महामारी को मात देने का प्रयास
कोरोना महामारी को वैक्सीन लगाकर ही मात दी जा सकती है। ऐसे में लोग वैक्सीन लगवाने के लिए आगे आएं। वैक्सीन लगवाकर स्वयं व अपने परिवार को सुरक्षित करें। कहा कि उन्होंने दोनों डोज लगवाकर महामारी को मात देने का प्रयास किया है। -छात्र आशीष कुमार।
स्कूल में वैक्सीन लगाना सही
स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों में ही वैक्सीनेशन सेंटर स्थापित करने का बेहतर निर्णय लिया है। इससे विद्यार्थियों को एक ही छत के नीचे वैक्सीन उपलब्ध हो रही है। स्कूल में ही वैक्सीन लगने से विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं हो रही है। -प्रधानाचार्य सतीश कुमार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पुजाली।
वैक्सीनेशन से कोई पात्र न छूटे
स्वास्थ्य विभाग जिला कुल्लू में योजना बनाकर वैक्सीनेशन कर रहा है, जिसमें इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि कोई पात्र व्यक्ति वैक्सीनेशन से न छूटे। सोमवार को जिले में सात वैक्सीनेशन केंद्रों में टीकाकरण किया गया है। -जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दोरजे अंगरूप
कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में कोरोना वैक्सीन की डोज लगाते हुए खुशी जाहिर करती युवती।-संवाद- फोटो : Kullu