केलांग (लाहौल-स्पीति)। जिला मुख्यालय केलांग में अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान समारोह का आयोजन 29 जून को होगा। इसमें मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ सम्मानित किया जाएगा। ट्राइबल म्यूजियम केलांग में सोमवार को उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना कार्यक्रम में मुख्यातिथि होंगी, जबकि गुणवत्ता शिक्षा उपनिदेशक प्रशांत, ग्राम पंचायत केलांग के प्रधान प्रेम सिंह थरबस और केलांग वार्ड से जिप सदस्य शशि किरण विशिष्ट अतिथि शामिल होंगी। समारोह में जिले के सरकारी विद्यालयों के नौवीं, 10वीं, 11वीं एवं 12वीं कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में विद्यापीठ शिमला मुख्य सहयोगी की भूमिका निभाएगा। इसके अलावा आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी बद्दी, बाहरा यूनिवर्सिटी वाकनाघाट (सोलन), लॉरेल पब्लिक स्कूल कुल्लू और समाज सेवी जयराम कौना सह-सहयोगी के रूप में सहयोग करेंगे। अमर उजाला प्रबंधन के अनुसार केवल पंजीकृत विद्यालयों के विद्यार्थियों को ही सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक पहुंचकर अपना पंजीकरण करवाना होगा। समारोह में उपस्थित सभी मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं मेडल मुख्यातिथि एवं विशिष्ट अतिथि प्रदान करेंगे।