कुल्लू। लुहरी जलविद्युत परियोजना के पात्र प्रभावित 14 परिवारों को नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप आवास निर्माण के लिए देय धनराशि का आवंटन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को समयबद्ध राहत एवं सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। यह बात मंडलायुक्त मंडी आरके परूथी ने कही।
लुहरी जलविद्युत परियोजना स्टेज-एक के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन से संबंधित बैठक का आयोजन बुधवार को हुआ। मंडलायुक्त ने कहा कि पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित नियमों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं, जिससे प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्वास प्रक्रिया को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाए और परियोजना प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। बैठक में प्रभावित परिवारों के हितों की सुरक्षा एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
इस दौरान उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा, परियोजना प्रमुख विवेक शर्मा, महाप्रबंधक अलका जायसवाल, सहायक आयुक्त मंडलायुक्त सुनैना शर्मा और जिला राजस्व अधिकारी सुरभि नेगी आदि उपस्थित रहे।