जलशक्ति विभाग ने मनालसू नाला से उठाया पानी
34.50 लाख की लागत से बिछाई चार किमी पाइपलाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। ग्राम पंचायत चचोगा के झाड़ग और अलेउ को अब स्वच्छ पानी मिलेगा। ग्रामीणों को मटमैला पानी पीने के लिए विवश नहीं होना पड़ेगा। लगभग चार किलोमीटर दूर मनालसू नाले से पांच इंच की पाइपलाइन से झाड़ग और अलेउ को पानी मुहैया करवाया जाएगा।
मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने बताया कि कई वर्षों से अलेउ और झाड़ग के लोगों को पानी की समस्या से परेशान होना पड़ रहा था। इस पंचायत के लिए 12.50 लाख और जलजीवन मिशन से 22 लाख स्वीकृत करवा कर जनवरी से पाइप बिछाने का कार्य आरंभ करवाया। अब झाड़ग में पानी पहुंच गया है।
कुछ दिनों के भीतर अलेउ-झाड़ग के लोगों और होटलों को स्वच्छ पीने का पानी मिलेगा। उन्होंने बताया कि चचोगा पंचायत के धराणु, चचोगा और वशिष्ठ पंचायत के समाहन में टैंक बनाने के लिए एस्टीमेट तैयार करने के लिए विभाग को कहा गया है। कहा कि मौसम ने साथ दिया तो जल्द ही लोगों को पानी की आपूर्ति होगी।
नग्गर विकास खंड पंचायत समिति उपाध्यक्ष अनूप जोशी ने बताया कि विभाग ने चार किलोमीटर दूर मनालसू नाले से पानी उठाया है। झाड़ग और अलेउ निवासी गौतम ठाकुर, वार्ड पंच मोहन सिंह, शेर सिंह मोनेपा, डॉ. बलवीर, सोहन ठाकुर, रोशन ठाकुर, नाथू राम राणा ने बताया कि दशकों बाद उन्हें साफ पीने का पानी मिलेगा। संवाद