मणिकर्ण घाटी के डूंखरा में इन दिनों पुलिस की सख्ती से मलाणा के बाशिंदे
परेशान हो उठे हैं। स्थानीय निवासी एवं देव सेवा संस्था के अध्यक्ष जयचंद
का कहना है कि पुलिस ड्यूटी के नाम पर पुलिस डूंखरा में मलाणावासियों को
बेवजह परेशान कर रही है। बेशक पुलिस को अपराधी किस्म के लोगों पर नजर रखने
का कानूनी अधिकार है, लेकिन डूंखरा से गुजरने वाले सभी वाहनों को तलाशी के
नाम पर घंटों लाइन में खड़ा कर लोगों को ठंड में ठिठुरने पर मजबूर किया जा
रहा है।
कई बार तो महिला पुलिस की गैर मौजूदगी में शारीरिक तलाशी ली जा रही
है। एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि क्षेत्र में चरस के मामलों
की अधिकता रहने से पुलिस को अभियान चलाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि
पुलिस काम करे तो सवाल उठते हैं अगर न करे तो भी लोग सवाल उठाते ही रहते
हैं। फिर भी उन्होंने इस मामले की तह तक जाने की बात कही है।