1,05,548 को दवा पिलाने का रखा था लक्ष्य
स्वास्थ्य विभाग ने 88 फीसदी लक्ष्य किया प्राप्त
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में बच्चों और किशोरों को स्वस्थ रखने के लिए एल्बेंडाजोल दवा खिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा खंड स्तर पर एक से 19 साल तक के किशोरों और बच्चों की सूची तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से दवा उपलब्ध करवाई।
जिले के पांचों चिकित्सा खंडों में वीरवार को 1,05,548 दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस तय लक्ष्य का 88 फीसदी पूरा कर दिया गया है। राष्ट्रीय कृमि मुक्त दिवस (एनडीडी) के तहत दवा सरकारी और निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में खिलाई गई।
जिले के पांचों चिकित्सा खंडों और कुल्लू शहर में 93,364 बच्चों और किशोरों को दवा खिलाई गई। इनमें 46,167 बेेटियां और 47,197 बेटे शामिल रहे। इन्हें दवा खिलाने का स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, महिला-पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ताओं को जिम्मा सौंपा गया था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर पवार ने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत जिले में 1,05,548 बच्चों और किशोरों को एल्बेंडाजोल दवा खिलाई जानी थी, लेकिन बारिश के कारण लक्ष्य से 12 फीसदी पीछे विभाग रहा है। उन्होंने कहा कि वीरवार को छूटे बच्चों और किशारों को अब 27 फरवरी को दवा खिलाई जाएगी। कहा कि विगत वर्ष विभाग ने तय लक्ष्य से दो फीसदी अधिक बच्चों और किशोरों को दवा खिलाई थी। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों का बारिश और खराब मौसम के बीच ड्यूटी के प्रति सजग रहने के लिए सराहना की।