महंगाई के विरोध में मनाली ब्लॉक कांग्रेस ने केंद्र सरकार के
खिलाफ प्रर्दशन किया। इस दौरान एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन
भी भेजा गया। मनाली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रधान और प्रदेश कांग्रेस के
प्रवक्ता भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि केंद्रीय भाजपा सरकार ने महंगाई कर गरीब
लोगों की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष
सुखविंद्र सिंह सुक्खू के आदेश पर मनाली में यह विरोध प्रदर्शन ब्लॉक
कांग्रेस कमेटी ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की करनी और कथनी में
रात-दिन का अंतर है और नरेंद्र मोदी झूठ बोलकर देश की जनता को बड़े-बड़े
सपने दिखाकर सत्ता में तो आ गए लेकिन पिछले सोलह माह से विदेश यात्रा पर ही
व्यस्त हैं। यात्रा के सिवा प्रधानमंत्री कुछ नहीं कर रहे हैं। उन्होंने
बताया कि आज महंगाई से पूरे देश की जनता त्रस्त है। यूपीए सरकार के
कार्यकाल के दौरान दालें दोगुने दामों पर पहुंच गई हैं। पेट्रोल और डीजल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में 45 रुपये प्रति बैरल पर पहुंच गया है। फिर भी आज
पेट्रोल और डीजल के दाम कम नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि रही-सही कसर
प्याज निकाल रहा है। लोगों का महंगाई से दम निकला जा रहा है लेकिन मोदी और
भाजपाइयों को जनता की कोई परवाह नहीं हैं ।
इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश
वूल फेडरेशन के अध्यक्ष रघुवीर सिंह ठाकुर, जिला परिषद के चेयरमैन हरिचंद
शर्मा, पूर्व नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष विजय कुमार, सेवादल इंटक के
प्रधान डीआर जोशी, पलचान पंचायत के प्रधान सिंघी राम, बडाग्रां पंचायत के
प्रधान चेत राम नेगी, हलाण 2 पंचायत के प्रधान राजीव ठाकुर, एनएसयूआई के
जिला अध्यक्ष रोहित महाजन, ब्लॉक इंटक के प्रधान दुर्गा दत्त, राजीव गांधी
ब्रिगेड के अध्यक्ष मेहर चंद ठाकुर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोमदेव कोतवाल,
अश्ववनी शर्मा, सोहन लाल, सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष नेस राम, विक्रम युवा
कांग्रेस सचिव, ब्लॉक पंचायत राज के अध्यक्ष भक्त राम भी उपस्थित थे।