कुल्लू। दिसंबर के तीसरे सप्ताह में हुई भारी बर्फबारी से बंद औट-आनी-सैंज हाईवे-305 पर बुधवार से बस सेवा शुरू हो गई है। जलोड़ी दर्रे से होकर निगम की दो बसें बाह्य सराज के लिए रवाना हुई।
लंबे अरसे बाद निगम की बसों की आवाजाही होने से बाह्य सराज की 69 पंचायतों की आबादी ने राहत की सांस ली है। कुल्लू बस अड्डा से बुधवार सुबह कुल्लू-बागीपुल, कुल्लू-दलाश रूट पर बस सेवा शुरू हो गई है। ऐसे में आम लोगों को पैदल सफर करने तथा टैक्सियों में भारी भरकम किराया नहीं देना होगा। कई लोगों को वाया करसोग व शिमला होकर भी आना-जाना पड़ा है। 10280 फीट ऊंचे जलोड़ी दर्रा होकर जिला मुख्यालय कुल्लू से आधा दर्जन बस रूट चलते हैं। करीब दो माह बाद बस सेवा बहाली से बाह्य सराज के आनी-निरमंड, रामपुर, किन्नौर, कुमारसैन तथा करसोग क्षेत्रों के लोगों का सफर आसान हो गया है। हालांकि बड़ानाला से जलोड़ी दर्रा तक सुबह के समय वाहनों के फिसलने का खतरा बना हुआ है। एनएच अथॉरिटी ने हाईवे-305 को 10 फरवरी को सड़क से बर्फ हटाकर बहाल कर दिया था। अगले दिन से छोटे वाहनों का आवाजाही भी शुरू हा गई थी। बहरहाल अब लंबे अरसे बाद दर्रे से बस दौड़ने से लोगों ने खुशी जताई है। लाल चंद ठाकुर, जगदीश ठाकुर, तेज राम, रोहित साहसी, लीला प्रकाश, दीवान सिंह, प्रेम सिंह, उत्तम सिंह, चुनी लाल, राम लाल, केहर सिंह, श्याम लाल, बहादुर सिंह, जिप सदस्य पूर्ण ठाकुर और राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि बस सेवा फिर शुरू होने से राहत मिली है। उन्होंने कहा कि एनएच अथॉरिटी की देरी से हाईवे खुलने में समय अधिक लग गया है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। उधर, एचआरटीसी कुल्लू अड्डा प्रभारी टेक चंद ने कहा कि बुधवार को जलोड़ी दर्रा होकर कुल्लू-बागीपुल तथा कुल्लू दलाश बसें भेजी जा रही हैं।