बंजार के गाड़ागुशौणी रूट पर जाती एचआरटीसी बस सेवा।-संवाद
सुबह से लेकर शाम तक चलेंगी एचआरटीसी की चार बसें, हजारों लोग होंगे लाभान्वित
आपदा में तहस-नहस हो गई थी सड़क, अभी गाड़ागुशैणी और खोली के लिए लगेगा समय
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। आपदा से तहस-नहस हुई बंजार-बाहू-डिंबरचाहड़ी और टील सड़क पर निगम की बस सेवा तीन माह बाद शुरू हो गई है। ट्रायल के बाद खराब चार पॉइंट को लोक निर्माण विभाग ने दुरुस्त कर दिया है।
निगम ने अब चार बसें चलानी शुरू कर दी हैं। इससे कुल्लू-मंडी की 10 पंचायतों के हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी।
निगम की बसें अभी डिंबरचाहड़ी तक ही जाएंगी। यहां डिंबरचाहड़ी नाले में सड़क का डंगा गिर गया है। लोक निर्माण विभाग ने डंगे का निर्माण भी शुरू कर दिया है। ऐसे में सरकारी बसों को गाड़ागुशैणी, खौली और छतरी तक जाने के लिए इंतजार करना होगा। यहां तक लोगों को छोटे वाहनों या फिर टैक्सियों में सफर करना होगा।
चार दिन पहले एचआरटीसी बंजार ने बंजार से डिंबरचाहड़ी और टील तक बस का ट्रायल किया था लेकिन चार जगह सड़क बस योग्य नहीं बन पाई थी। ऐसे में निगम ने लोक निर्माण विभाग को खराब जगहों को चौड़ा करने की मांग की थी। इस पर विभाग ने त्वरित काम करते हुए सड़क को ठीक किया। अब निगम ने कुल्लू और बंजार से चार बसों का संचालन शुरू कर दिया है। अड्डा प्रभारी बंजार दीप चंद ने कहा कि पहली बस सुबह 8:00 बजे रवाना होगी। इसके अलावा सुबह 10:00 बजे, दोपहर बाद 2:30 बजे टील के लिए और शाम 4:30 बजे बस को डिंबरचाहड़ी के लिए बस भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि जैसे ही डंगा लग जाता है, बसों को आगे उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा। स्थानीय निवासी टीसी महंत, तेजा ठाकुर ने कहा कि बसों से कुल्लू की तीन कोठी और साथ लगते मंडी जिले के हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी।