कुल्लू। खुमानी के बाद अब रेड ब्यूट प्लम ने भी जिले की सब्जी मंडियों में दस्तक दे दी है। रेड ब्यूट प्लम भुंतर सब्जी मंडी में 160 से 180 रुपये प्रतिकिलो तक बिका है। शुरुआती दौर में रेड ब्यूट प्लम बेहद कम पहुंच रहा है। 15 मई के बाद रेड ब्यूट प्लम की खेप मंडियों में पहुंचना शुरू हो जाएगी। निचले क्षेत्र स्नोर और बजौरा में अर्ली किस्म का रेड ब्यूट प्लम तैयार हो गया है। बागवान रेड ब्यूट प्लम को बेचने के लिए मंडियों में ला रहे हैं।
शुरुआत में बागवानों को रेड ब्यूट प्लम के बेहतर दाम मिल रहे हैं। रविवार को रेड ब्यूट प्लम 160 रुपये प्रतिकिलो बिका। अच्छी गुणवत्ता और साइज वाले प्लम की मंडियों में काफी अधिक मांग है। पिछले साल के मुकाबले रेड ब्यूट प्लम को शुरुआती दौर में 20 फीसदी अधिक दाम मिल रहे हैं। प्लम फल खट्टा और मीठा होता है।
इसमें विटामिन सी और अन्य पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं। बाहरी राज्यों के व्यापारी सहित कुल्लू में आने वाले पर्यटक इसकी खरीद करते हैं। बागवान प्रेम सिंह, अर्जुन ठाकुर, अमन, विनोद कुमार और चमन लाल ने कहा कि खुमानी के साथ ही अब रेड ब्यूट प्लम भी तैयार हो गया है। जून के महीने में प्लम की सेंटारोजा वैरायटी का प्लम भी पककर तैयार हो जाएगा। सेब के साथ बागवान प्लम, खुमानी और अन्य फलों से अच्छी आमदनी कर रहे हैं।
भुंतर सब्जी मंडी में आढ़ती मानस कुमार सूद ने कहा कि रेड ब्यूट आना शुरू हो गया है। अभी फसल बेहद कम है। 15 मई के बाद प्लम की खेप मंडियों में पहुंचना शुरू हो जाएगी। संवाद