देव आदेश के चलते क्षेत्र में लगेगा प्रतिबंध, नहीं होगा शोर-शराबा
एसडीएम ने सामान्य वाहनों की आवाजाही पर रोक के दिए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। कोकसर पंचायत के सभी गांवों में शुक्रवार से एक महीने तक पर्यटन गतिविधियों पर रोक लग जाएगी। धार्मिक आयोजन और देव आस्था के चलते क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों को रोक दिया जाएगा।
मान्यता के अनुसार शुक्रवार को मार्कयुमचा भेंट करने के बाद क्षेत्र के देवी-देवता पूणा उत्सव तक स्वर्ग प्रवास पर निकलेंगे। माना जाता है ऐसे में आसुरी शक्तियों का बोलबाला रहता है। लिहाजा, ऐसे में मानव जाति को अपने बचाव के लिए घर से निकलकर शोर शराबा करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहता है।
इसी मान्यता पर कायम रहते हुए 21वीं सदी की पीढ़ी भी हालडा और और पूणा उत्सव तक शोर-शराबा नहीं करेंगे। कोकसर पंचायत के प्रधान सचिन मिरूपा ने बताया कि इस बारे में उन्होंने जिला प्रशासन को भी अवगत करवा दिया है और प्रशासन ने इस पर अमल करते हुए आदेश जारी किया है कि अटल टनल से लेकर कोकसर तथा पागल नाला और गावों के आसपास शोर-शराबा कि अनुमति नहीं होगी। दूसरी तरफ सिस्सू पंचायत में पहले ही 20 जनवरी से ही गतिविधियां बंद कर दी गई हैं।
उपमंडल अधिकारी केलांग कुनिका ने कहा कि सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने, जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गुफा होटल से कोकसर पंचायत की ओर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। गुफा होटल, संपूर्ण कोकसर पंचायत के क्षेत्रों में लाउडस्पीकर उपयोग पर भी पाबंदी लगा दी है। उन्होंने कहा कि बीआरओ, एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं से जुडे़ वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी।