संजय भारद्वाज
मनाली। हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर अब सैलानियों की आवाजाही बढ़ रही है। क्रिसमस और नए साल के जश्न के लिए पहाड़ों के पर्यटन स्थल पूरी तरह से तैयार हो चुके हैं।
क्रिसमस और नए साल का जश्न मनाने के लिए बाहरी राज्यों से भारी संख्या में सैलानियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। होटलों की ऑक्यूपेंसी 70 से 80 फीसदी पहुंच गई है। एडवांस बुकिंग भी 80 फीसदी से ज्यादा है।
पर्यटन नगरी में पिछले साल क्रिसमस व न्यू ईयर में खूब धमाल मचा था। इस बार भी 24 दिसंबर से 31 दिसंबर तक पर्यटन कारोबार चरम पर रहने की उम्मीद है।
मालरोड पर 24 दिसंबर से डीजे बजना शुरू होगा। मनाली के पर्यटन कारोबारी नरेंद्र सूद, सचिन वत्स, भूपेश ने बताया कि क्रिसमस व न्यू ईयर को लेकर होटलों में बुकिंग तेज हो गई है। क्रिसमस और नववर्ष के लिए अधिकतर होटलों के 60 से 80 प्रतिशत कमरे पहले ही बुक हो चुके हैं। क्रिसमस और नववर्ष पर मनाली पैक होने की आस है। शहरों के अलावा ग्रामीण इलाकों में बने होटलों में भी अच्छी बुकिंग चल रही है।
हिमाचल पर्यटन विकास निगम के उप महाप्रबंधक बीएस ओकटा ने बताया कि क्रिसमस पर निगम के होटल पैक हैं। नववर्ष के लिए भी 70 फीसदी तक एडवांस बुकिंग हो गई है।
होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि हर साल की भांति इस साल भी नववर्ष और क्रिसमस पर पर्यटकों की भीड़ जुटेगी।