कुल्लू। जिले के महाविद्यालयों में नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो रही है। कुल्लू के साथ बंजार, मनाली के हरिपुर, सैंज और आनी के हरिपुर काॅलेज में 30 जून से दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। जिले के सबसे बड़े राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में विद्यार्थी 8 जुलाई तक सायं पांच बजे तक काॅलेज की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
काउंसलिंग के बाद निर्धारित तिथि तक फीस जमा करवानी अनिवार्य होगी। इस दौरान आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए काॅलेज प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। काॅलेज केे प्राचार्य डाॅ. रोशन लाल ने बताया कि दाखिले की समस्त प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से होगी। काॅलेज की वेबसाइट www.gckullu.ac.in पर 30 जून से 8 जुलाई तक आवेदन किया जा सकता है।
प्रथम वर्ष में जमा दो की मेरिट के आधार पर दाखिला दिया जाएगा। प्रथम मेरिट सूची 8 जुलाई को सायंकाल नोटिस बोर्ड और वेबसाइट पर जारी की जाएगी। 10 से 12 जुलाई के बीच काउंसलिंग के दौरान समस्त दस्तावेजों की जांच की जाएगी। 12 जुलाई तक काॅलेज की वेबसाइट पर उपलब्ध भुगतान गेट-वे के माध्यम से फीस जमा करवानी होगी।
इसके बाद रिक्त सीटों को भरने के लिए 12 जुलाई को द्वितीय मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसमें काउंसलिंग 13-14 जुलाई तक होगी। कला स्नातक में अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, भूगोल, पर्यटन, राजनीति विज्ञान, इतिहास, संस्कृत, लोक प्रशासन, संगीत, हिंदी, पत्रकारिता, शिक्षाशास्त्र, शारीरिक शिक्षा और समाजशास्त्र तथा बीएससी में रसायन विज्ञान, गणित, भौतिकी विज्ञान, जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, भूगर्भ विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान विषय संचालित हैं। मुख्य विषय के रूप में 100-100 सीटें उपलब्ध हैं।
दाखिला संबंधी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबरों डाॅ. हीरामणि 70183-72774 और डाॅ. अजय कुमार 82197-09767 (बीए), डाॅ. निश्चल शर्मा 94181-88365 एवं प्रो. शुभम दीप 79732-65735 (बीएससी), डाॅ. मनीष सूद 80917-48050 (बीकॉम), मनोज कुमार 70186-01108 (बीसीए), चुणामणि 98829-06844 (बीवॉक) और अनुभव कायस्था 94184-90389 (बीबीए) पर संपर्क कर सकते हैं।