कुल्लू। जिला मुख्यालय ढालपुर स्थित शहीद बालकृष्ण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुल्लू में नए शैक्षणिक सत्र के लिए सीबीएसई आधारित कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। खास बात यह है कि अब इस विद्यालय में सह शिक्षा के तहत छात्राओं को भी दाखिले की अनुमति दे दी गई है, जबकि पहले वहां केवल छात्रों को ही प्रवेश मिलता था।
प्रधानाचार्य प्रकाश ने बताया कि इस वर्ष 10वीं और 12वीं कक्षाएं अभी हिमाचल प्रदेश बोर्ड के तहत ही संचालित होंगी, जबकि अन्य सभी कक्षाएं सीबीएसई पैटर्न पर चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि स्कूल में शिक्षकों का पूरा स्टाफ उपलब्ध है और विद्यार्थियों को शिक्षा से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क संरचना के अनुसार ही फीस ली जा रही है। संवाद