पारंपरिक खतक और टोपी पहनाकर किया स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। जुनून, चश्मे बद्दूर, कथा और साथ-साथ जैसी कलात्मक एवं अर्थपूर्ण फिल्म में अपने सशक्त किरदार निभा चुकी बॉलीवुड अदाकारा दीप्ति नवल सोमवार को कोकसर पहुंचीं। जब गांव वालों को यह पता चला कि मशहूर अदाकारा दीप्ति नवल गांव में पहुंची हैं तो उनकी झलक पाने के लिए एकत्रित हुए।
दीप्ति ने बड़े ही शिष्टाचार के साथ ग्रामीणों का अभिवादन स्वीकार किया और धन्यवाद भी किया। बताया जा रहा है कि दीप्ति आने वाली फिल्म के लोकेशन की तलाश में हैं और आने वाले दिनों में वह यहां पर शूट करना चाहती हैं। ग्रामीणों ने उनका पारंपरिक खतक और टोपी पहनाकर स्वागत किया। कोकसर गांव में उन्होंने हर्बल चाय का भी आनंद उठाया। दीप्ति नवल इन दिनों मनाली आई हुई हैं। लाहौल की वादियों को निहारने के लिए वह सोमवार को निकलीं।
उन्होंने लोगों से मिलने के बाद फोटो भी खिंचवाए और दोबारा आने का वादा भी किया। सेवानिवृत्त कैप्टन अमर सिंह ने कहा कि दीप्ति का गांव आकर ग्रामीणों से मिलना खुशी की बात है और वह आने वाली फिल्म के कुछ सीन यहां शूट कर सकती हैं। सेवानिवृत्त डीएसपी दोरजे ने कहा कि छोटे से गांव में अगर फिल्मी हस्तियां आएंगी तो यहां पर पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। दीप्ति नवल कवियत्री और चित्रकार होने के साथ-साथ एक कुशल छायाकार भी हैं। संवाद