तीनों आरोपियों की जमानत अर्जी को न्यायालय ने किया खारिज
रिश्वतखोरी के मामले में विजिलेंस ने कोर्ट में पेश किए आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार सहायक आयुक्त समेत तीनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत को कोर्ट ने बढ़ा दिया है। तीनों को विजिलेंस ने शनिवार को कुल्लू कोर्ट में पेश किया था।
हालांकि आरोपियों ने जमानत के लिए कोर्ट में अर्जी भी लगाई थी, लेकिन कोर्ट ने उनकी जमानत अर्जी को खारिज कर दिया है। ऐसे में आरोपी 5 पांच मार्च तक न्यायिक हिरासत में ही रहेंगे।
गौर रहे कि बीते 7 फरवरी को कुल्लू में विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई की थी। विजिलेंस की टीम ने खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त कुल्लू सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने के साथ ही रिश्वत की एक लाख 10 हजार रुपये की राशि भी बरामद की थी। विजिलेंस की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया था। विजिलेंस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हालांकि, इसमें अभी और भी खुलासे हो सकते हैं। मामले से जुड़ी परतें विजिलेंस की ओर से खोली जा रही हैं।
डीएसपी विजिलेंस अजय कुमार ने कहा कि पांच मार्च तक आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ी है। तीनों की जमानत अर्जी को कोर्ट ने खारिज कर दिया है।