मनाली (कुल्लू)। कुल्लू-मनाली वामतट मार्ग पर शामीनाला में गाड़ी पार्क करने को लेकर हुई मारपीट में पंजाब के चालक पर लात से प्रहार करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना को लेकर पुलिस गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया है।
शनिवार रात को पंजाब से पर्यटकों को लेकर आईं दो गाड़ियों के ड्राइवरों ने सवारियां उतारकर अपने वाहन सड़क किनारे पार्क कर दिए थे। दोनों गाड़ियों मैं बैठकर शराब पी रहे थे। इतने में एक स्थानीय निवासी गुलशन वहां आया और उनसे बहस करने लगा। एक ड्राइवर ने उसे थप्पड़ मार दिया दिया। गुलशन ने भी लात मारी, जिससे वह ढांक के नीचे लुढ़ककर लेंटर पर गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार चल रहा था। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि चालक बलजीत सिंह मान (47 वर्ष) पुत्र सरदार जोगिंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मामले में चालक बलजिंदर सिंह (41) पुत्र दर्शन सिंह सेक्टर 14 चंडीगढ़ की मौत हुई है। गैर इरादतन हत्या के आरोपी गुलशन को गिरफ्तार कर लिए है। उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। उधर, विंटर पर्यटन सीजन से पहले हुई इस वारदात के बाद पुलिस भी अलर्ट है।