कुल्लू/सैंज। बंजार उपमंडल की सैंज घाटी के अंतर्गत ग्राम पंचायत देवगढ़ गोही में एक कार सड़क से नीचे खाई में गिर गई। इसमें एक युवक की मौत हो गई है। सैंज-परगाणू सड़क पर पुखरी में रविवार रात को हादसा हुआ। युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुल्लू भेजा गया है। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया है। हालांकि पुलिस प्राथमिक जांच में सड़क हादसा मान रही है। जानकारी के अनुसार 36 वर्षीय रोशन लाल पुत्र मनू राम निवासी गांव धरमेड़ा रोपा और सैंज के साथ कुछ लोग भी तीन-चार दिनों से घूम रहे थे। ऐसे में परिवार के लोगों को दुर्घटना के बजाय इसे हत्या का मामला माने रहे है। बताया जा रहा है कि घटना वाली जगह से शराब की बोतल, गिलास तथा खाने की सामग्री बरामद हुई है। मृतक के शरीर में किसी तरह की चोट के निशान भी नहीं मिले हैं। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि भुंतर पुलिस की एक टीम इसकी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। युवक की मौत हादसे से हुई या फिर कोई ओर कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर होगा। पुलिस घटनास्थल की स्थिति व परिजनों के कहने पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द सचाई सामने आएगी।