कुल्लू में पहलगाम में आतंकी हमले के विरोध में रैली निकालते भाजपा के कार्यकर्ता।-संवाद
ढालपुर में विरोध प्रदर्शन, नारेबाजी कर आतंकियों के खिलाफ मांगी कार्रवाई
देशवासियों और भारतीय सेना के साथ खड़ी है विद्यार्थी परिषद : सारांश
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विरोध प्रदर्शन किया। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में गत मंगलवार को आतंकवादियों ने खूनी वारदात को अंजाम दिया है।
इस घटना में आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की और कई लोगों की जान ले ली। इसकी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कड़ी निंदा की है और मृ़तकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की हैै। इसके अलावा परिषद के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भारतीय सेना से आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील की।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जिला मुख्यालय कुल्लू स्थित उपायुक्त कार्यालय के बाहर आतंकी हमले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। जिला संयोजक सारांश ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई घटना निंदनीय है। इस तरह की वारदातें देश में होना किसी तरह से बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद देशवासियों और भारतीय सेना के साथ खड़ी है। कहा कि आतंकी हमलों को अंजाम देने वालों को बख्शा न जाए। सरकार और भारतीय सेना आतंकियों पर कड़ी कार्रवाई करें। वहीं, इकाई अध्यक्ष ऋतिक ठाकुर ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पहलगाम हमले की निंदा करती है। उन्होंने कहा कि परिषद ने ढालपुर में हमले का विरोध प्रदर्शन कर जताया है।