सितंबर माह के लिए विद्यार्थी परिषद ने बनाई रूपरेखा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) छात्र हित की मांगों को लेकर आने वाले दिनों में पर्चा वितरण से लेकर जिलास्तर पर धरना प्रदर्शन करेगी। सितंबर महीने की रूपरेखा तैयार की गई है। यह बात छात्र संगठन के जिला संयोजक सारांश ने कुल्लू में एक पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा का गला घोंटने का काम कर रही है।
आने वाले दिनों में मांगों को लेकर पर्चा वितरण कार्यक्रम चलाया जाएगा। 5 सितंबर को इकाई स्तर पर प्रदर्शन के साथ ज्ञापन भी शिक्षा मंत्री को सौंपे जाएंगे। 9 और 10 सितंबर को सांकेतिक भूख हड़ताल के साथ 18 सितंबर को जिला स्तर पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने मांग रखी कि छात्र संघ के चुनाव बहाल किए जाएं। प्रदेश में नशा माफिया बढ़ रहा है, युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं। नशे के बढ़ते कारोबार पर लगाम लगाई जाए। छात्र हित की मांगों पर अगर कोई गौर नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान अमन ठाकुर, मोनिका आदि मौजूद रहे। संवाद